पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता
दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) से सरकारी मोबाइल फोन चोरी होने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आधुनिक तकनीक की मदद से एक शातिर चोर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी के 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं 02 लैपटॉप बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार अस्पताल से सरकारी मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना मिलते ही दुद्धी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने अस्पताल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध की पहचान पुलिस द्वारा प्रयुक्त यक्ष एप के माध्यम से सुन्द्रेश कुमार उर्फ जादूगर उर्फ बमबम के रूप में हुई।
इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रजखड़ तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 02 लैपटॉप बरामद किए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। दुद्धी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Post a Comment