Top News

नहर की पटरी टूटने से किसानों की फसलें जलमग्न, खेतों में मचा हाहाकार

 


सिंचाई विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश, सूचना के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई



मिर्जापुर/चुनार। थाना क्षेत्र चुनार अंतर्गत ग्राम सभा देवरिया और जगन्नाथपुर के बीच स्थित माइनर नहर की पटरी टूट जाने से किसानों की सैकड़ों बीघा फसल प्रभावित हो गई। अचानक नहर का पानी खेतों में घुस जाने से किसानों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है। खेतों में लगी फसलें जलमग्न हो गईं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।




ग्रामीणों का आरोप है कि माइनर की हालत लंबे समय से जर्जर बनी हुई थी और कई बार सिंचाई विभाग को इसकी सूचना दी गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिणामस्वरूप नहर की पटरी टूट गई और पानी तेज बहाव के साथ खेतों में फैल गया।


किसानों ने बताया कि समय रहते मरम्मत कार्य कराया जाता तो इतनी बड़ी क्षति नहीं होती। पटरी टूटने के बाद भी विभाग की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों और किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।


ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नहर की मरम्मत कराई जाए तथा प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए। वहीं क्षेत्र के किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Post a Comment

أحدث أقدم
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume