Top News

80 लाख से अधिक का गांजा बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार

 पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय 

सत्यनारायण मौर्य ब्यूरो चीफ सोनभद्र 





सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 8 कुंतल 684 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 80.60 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 21/22 जून की रात एएनटीएफ लखनऊ को सूचना मिली कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा डीसीएम वाहन के माध्यम से उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है तथा एक अन्य चारपहिया वाहन से पुलिस की गतिविधियों की रेकी की जा रही है। सूचना पर एएनटीएफ और थाना रॉबर्ट्सगंज की सुकृत चौकी पुलिस ने चहेलवा बैजू बाबा मंदिर के पास घेराबंदी कर एक डीसीएम और एक सियाज कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान डीसीएम वाहन में जड़ी-बूटी की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया 8 कुंतल 684 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद माल के साथ डीसीएम वाहन, सियाज कार, छह एंड्रॉयड मोबाइल, दो आईफोन तथा 6,040 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 1.16 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे लंबे समय से उड़ीसा से गांजा खरीदकर सुल्तानपुर और आसपास के जनपदों में आपूर्ति कर रहे थे। गिरोह का संचालन मुख्य रूप से अंकित सिंह और रोहित कुमार सिंह करते थे, जबकि अन्य सदस्य परिवहन, निगरानी और सप्लाई का कार्य संभालते थे। तस्करों ने गांजे की खेप को जड़ी-बूटी की बोरियों के बीच छिपाकर रखा था ताकि चेकिंग के दौरान संदेह न हो सके। साथ ही एक सियाज कार के माध्यम से पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। अभियुक्तों ने खुलासा किया कि गांजे की यह खेप उड़ीसा के बलांगीर क्षेत्र से लगभग 20 लाख रुपये में खरीदी गई थी और इसे सीतापुर के एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। गिरोह के सदस्य पहचान छिपाने के लिए लगातार मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदलते रहते थे। इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume