पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र तिवारी संवाददाता
घर से बिना बताए निकली थी 13 वर्षीय छात्रा, एक दिन बाद कुएं में मिला शव; पुलिस जुटी जांच में
दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी थाना क्षेत्र के ग्राम सायल (ग्राम सभा सरडीहा) में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर से बिना बताए निकली 13 वर्षीय किशोरी का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं में मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सायल निवासी मीतराज यादव की पुत्री प्रियंका यादव (13 वर्ष), जो कक्षा 7 की छात्रा थी, दिनांक 5 जून 2026 को अचानक घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों एवं आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार 6 जून 2026 को सुबह ग्रामीणों को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं में शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान प्रियंका के रूप में हुई। घटना की जानकारी तत्काल दुद्धी पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
इस संबंध में दुद्धी थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि किशोरी के कुएं में डूबने से मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है। मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या नहीं है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। किशोरी की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment