पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय
सत्यनारायण मौर्य ब्यूरो चीफ सोनभद्र
सोनभद्र। बीजपुर स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोडहर गांव में ग्रामीणों के लिए पानी लेकर जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में टैंकर का चालक बाल-बाल बच गया हालांकि सारा पानी सड़क पर बहने से गांव में पानी की किल्लत खड़ी हो गई।जानकारी के अनुसार पानी का टैंकर डोडहर ग्राम पंचायत के डूमरचुआ टोले की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा सारा पानी सड़क पर बह गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त सूझबूझ के चलते चालक मुकेश कुमार को चोटें नहीं आईं और वह बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही डोडहर के ग्राम प्रधान केपी पाल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए तत्काल जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को उठवाया और उसे मरम्मत के लिए भिजवाया। ग्राम प्रधान केपी पाल ने कहा टैंकर पलटने से डूमरचुआ गांव में पानी की सप्लाई बाधित न हो इसके लिए तुरंत ही गांव में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करा दी गई है ताकि ग्रामीणों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Post a Comment