Top News

लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार, CCTV में कैद हुई वारदात; आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की उठी मांग

 पूर्वांचल की आवाज रिपोर्टर कानपुर उन्नाव

घर में घुसकर खूनी हमला, महिलाओं पर भी बरपाया कहर


कानपुर उन्नाव ।
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मनोहर नगर में शनिवार देर रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मामूली विवाद के बाद दबंगों ने कथित तौर पर हथियारों से लैस होकर एक परिवार के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ हमला किया तथा महिलाओं तक को नहीं बख्शा। इस बर्बर हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने का दावा किया गया है।

पीड़ित फैजान अली के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाले दानिश अली की पत्नी मुमताज से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुछ देर बाद मुमताज के भाई इकबाल, बाबू तथा अन्य लोग हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। हमले में फैजान की मां बदलुन्निशा, बहन रौनक समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।

घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के पहुंचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिससे आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकती है।

रविवार सुबह पीड़ित पक्ष ने गंगाघाट कोतवाली में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में लिया।

गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जनता की मांग है कि जब पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद है और कई लोग घायल हुए हैं, तो पुलिस आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि क्षेत्र में कानून का भय कायम रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

أحدث أقدم
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume