Top News

अनुभवी अभियंता इं० दूधनाथ बने ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक

 


सुरक्षित एवं उच्च दक्षता वाले उत्पादन को बताया पहली प्राथमिकता

पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र सत्यनारायण मौर्य ब्यूरो चीफ 


ओबरा सोनभद्र । 31 मई 2026 यू० पी० राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में निगम के वरिष्ठ अभियंता एवं मुख्य अभियंता (स्तर-1) इं० दूधनाथ ने शनिवार अपराह्न मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना, ओबरा (सोनभद्र) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी मुख्य महाप्रबंधक इं० राजेन्द्र कुमार अग्रवाल के सेवानिवृत्त होने के उपरांत संभाली है। निगम के आदेशानुसार उन्हें मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का मूल कार्यभार तथा मुख्य अभियंता, ओबरा ‘ब’ ताप विद्युत गृह का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।


ऊर्जा उत्पादन क्षेत्र में लगभग साढ़े तीन दशक का व्यापक अनुभव रखने वाले इं० दूधनाथ को तकनीकी दक्षता, कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी प्रबंधन क्षमता के लिए जाना जाता है। 

उत्तर प्रदेश के जनपद बस्ती निवासी इं० दूधनाथ का जन्म 13 जुलाई 1967 को हुआ। उन्होंने वर्ष 1988 में जी० बी० पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से विद्युत अभियंत्रण में प्रथम श्रेणी के साथ स्नातक उपाधि प्राप्त की। इसके अतिरिक्त वर्ष 2008 में ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE), भारत सरकार से एनर्जी ऑडिटर की योग्यता भी अर्जित की।



इं० दूधनाथ ने 29 दिसम्बर 1989 को उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में अपने सेवाकाल की शुरुआत की। अपने गौरवपूर्ण कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनपरा एवं ओबरा तापीय परियोजनाओं में संचालन, अनुरक्षण, उत्पादन प्रबंधन तथा दक्षता संवर्धन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।


उनकी प्रशासनिक एवं तकनीकी यात्रा सहायक अभियंता से प्रारम्भ होकर अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, मुख्य अभियंता (स्तर-2) तथा मुख्य अभियंता (स्तर-1) जैसे उच्च पदों तक पहुँची। वर्ष 2014 में अधीक्षण अभियंता पद पर पदोन्नति के बाद उन्होंने ओबरा तापीय परियोजना की विभिन्न उत्पादन एवं अनुरक्षण इकाइयों का सफल नेतृत्व किया। बाद में मुख्यालय, लखनऊ में मुख्य अभियंता (थर्मल ऑपरेशन) के साथ आर एंड एम इकाई का अतिरिक्त दायित्व भी संभाला।


वर्ष 2023 से 2026 तक उन्होंने अनपरा ‘ए’ तापीय परियोजना के मुख्य अभियंता के रूप में उल्लेखनीय सेवाएँ प्रदान कीं। इस दौरान आवश्यकता पड़ने पर अनपरा ‘बी’ परियोजना एवं मुख्य महाप्रबंधक, अनपरा का अतिरिक्त कार्यभार भी सफलतापूर्वक निभाया। उनकी उत्कृष्ट कार्यक्षमता एवं संगठनात्मक नेतृत्व को देखते हुए 30 अप्रैल 2026 को उन्हें मुख्य अभियंता (स्तर-1) पद पर पदोन्नत कर ओबरा तापीय परियोजना में नियुक्त किया गया।




कार्यभार ग्रहण करने के बाद इं० दूधनाथ ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता परियोजना की सभी उत्पादन इकाइयों का सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आर्थिक संचालन सुनिश्चित करना है। साथ ही उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि कर निगम की ऊर्जा उत्पादन संबंधी अपेक्षाओं को पूर्ण करना भी उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परियोजना को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आह्वान किया।


ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इं० दूधनाथ का स्वागत करते हुए उनके सफल, ऊर्जावान एवं उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume