पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता
दुद्धी बाजार से घर लौट रहे युवकों को सामने से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर, मौके पर ही दोनों ने तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी
दुद्धी, सोनभद्र। थाना दुद्धी क्षेत्र के कादल मार्ग पर रविवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवा दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूरज गौड़ (25 वर्ष) पुत्र स्व. जीत सिंह गौड़ निवासी कटौली और मनोज कुमार गौड़ (24 वर्ष) पुत्र जयकारण गौड़ निवासी मझौली, थाना दुद्धी रविवार को मोटरसाइकिल से दुद्धी बाजार से अपने घर की ओर लौट रहे थे। बताया गया कि करीब दोपहर तीन बजे दोनों कादल मार्ग पर पहुंचे थे। इसी दौरान रेणुकूट की ओर से रजखड़-दुद्धी की तरफ आ रहे ट्रक संख्या JH 02 BN 3908 ने उनकी मोटरसाइकिल में सामने से टक्कर मार दी।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना दुद्धी की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों शवों को मर्चरी में सुरक्षित रखवाया।
प्रारंभिक पुलिस सूचना के अनुसार ट्रक तेज एवं लापरवाही से चलाए जाने के कारण हादसा हुआ। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में दो युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी है।


Post a Comment