पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र सत्यनारायण मौर्य ब्यूरो चीफ
•
• सीजीएम से हुई वार्ता, समस्याओं के समाधान का आश्वासन
ओबरा, सोनभद्र, 29 मई 2026, संविदाकार द्वारा छँटनी किए गए मजदूरों को काम पर वापस रखने, न्यूनतम मजदूरी में हुई वृद्धि को ओबरा परियोजना में कड़ाई से लागू करने, ठेका मजदूरों को सुरक्षा उपकरण देने, नोएडा-गाजियाबाद के समान ही सोनभद्र के मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि करने, तत्काल वेज बोर्ड गठित करने और ओबरा में ईएसआई अस्पताल तत्काल खोलने की मांग को लेकर ठेका मजदूर यूनियन ने आज ओबरा तापीय परियोजना पर एक दिवसीय धरना दिया। धरने के दौरान सीजीएम ओबरा से ठेका मजदूर प्रतिनिधियों की वार्ता हुई और उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी मजदूर की छँटनी नहीं की जाएगी और अन्य सवालों को भी तत्काल हल किया जाएगा। धरने का नेतृत्व यूनियन के जिला अध्यक्ष तीरथ राज यादव और संयुक्त मंत्री मोहन प्रसाद ने किया।
धरने में मजदूर नेताओं ने कहा कि अप्रैल माह में सीजीएम की अध्यक्षता और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में समझौता हुआ था। जिसमें श्रम कानून के अनुपालन और अन्य सवालों पर सहमति बनी थी। साथ ही तय हुआ था कि किसी भी मजदूर की छंटनी नहीं होगी। डेढ़ माह बीतने के बावजूद संविदाकार इस समझौते को मानने को तैयार नहीं थे और इससे श्रमिकों में काफी असंतोष था। इसीलिए यूनियन ने यह ध्यानाकर्षण धरने का आयोजन किया ताकि मजदूरों की समस्याओं पर सार्थक संवाद प्रबंधन से किया जा सके।
मजदूर नेताओं ने कहा कि सोनभद्र के मजदूरों के साथ प्रदेश सरकार ने बड़ा अन्याय किया है। इस भीषण महंगाई में भी सोनभद्र जनपद के मजदूर के न्यूनतम वेतन में नोएडा और गाजियाबाद के मजदूरों के समान वृद्धि नहीं की गई। सीएम की घोषणा के बावजूद अभी तक उत्तर प्रदेश में वेज बोर्ड का गठन नहीं किया गया। जिससे पिछले 12 सालों से न्यूनतम मजदूरी का वेज रिवीजन लटका पड़ा हुआ है। इस महंगाई में बेहद कम मजदूरी के कारण ठेका मजदूरों के लिए अपना परिवार चला पाना कठिन होता जा रहा है। मजदूरों ने ओबरा में ईएसआई अस्पताल खोलने और मजदूरों को जीवन सुरक्षा उपकरण प्रदान करने की मांग भी की।
धरने में गोपाल सिंह, दिनेश राम, भगवान दास, सुदर्शन, तौकीर खान, अरविंद माली, मोहनलाल, उदित नारायण, जवाहर यादव, राहुल, विनोद मेट, बबन आदि ने बात रखी।
भवदीय
तीरथराज यादव
जिलाध्यक्ष
ठेका मजदूर यूनियन सोनभद्र।
9005035149


Post a Comment