Top News

खजूरी के सुनसान मकान में लाखों के जेवरात व नगदी पर चोरों ने किया हाथ साफ

 


डीवीआर भी उठा ले गए चोर, पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने की जांच


पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र तिवारी संवाददाता 

दुद्धी, सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के दुद्धी नगर पंचायत और खजूरी की सीमा पर स्थित एक सुनसान मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। घटना की जानकारी उस समय हुई जब मकान स्वामी अमित कुमार सोमवार दोपहर अपने घर पहुंचे और ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

पीड़ित अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ग्राम जाबर के निवासी हैं और खजूरी में किराए के मकान में रहकर कई वर्षों से जनरल स्टोर की दुकान संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि 21 मई को पत्नी के ऑपरेशन के लिए पूरे परिवार के साथ वाराणसी गए थे। सोमवार को लौटने पर देखा कि घर के अंदर स्थित कमरे का ताला टूटा हुआ था तथा अलमारी भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।

अमित कुमार के अनुसार अलमारी में रखे सोने के कई कीमती आभूषण तथा अन्य सामान गायब थे। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से घर के विभिन्न हिस्सों में रखे सामानों को खंगाला और कीमती वस्तुओं को समेटकर फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि चोर मकान के सामने स्थित खुली बालकनी के रास्ते घर के अंदर प्रवेश किए थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह, श्याम जी यादव तथा कांस्टेबल सर्वेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। बाद में फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र करते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी।

डीवीआर भी ले गए चोर

चोरों की चालाकी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने घर में चोरी करने के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर को भी निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के अंदर से दुकान की चाबी खोज निकाली और दुकान का शटर खोलकर वहां रखा डीवीआर तथा कुछ नगदी भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने दोबारा शटर बंद कर दिया, जिससे बाहर से किसी को चोरी की भनक न लग सके।



पुलिस अधिकारियों ने भी इस तरीके को देखकर आश्चर्य जताया, क्योंकि बाहर से सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था जबकि अंदर चोरी की वारदात हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा चोरों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume