पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय
*सोनभद्र / रॉबर्ट्सगंज।* उत्तर प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण माह की शुरुआत के साथ ही सोनभद्र जिले में स्वास्थ्य विभाग और नगर प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज के सभागार में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विशेष रूप से उन सफाईकर्मियों के लिए लगाया गया था,जो दिन-रात शहर को साफ-सुथरा रखने में जुटे रहते हैं। नगर को साफ-सुथरा रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सफाईकर्मियों के कंधों पर होती है। गंदगी,नालियों और कूड़ा-कचरा के बीच काम करने के कारण इन्हें संक्रमण का सबसे अधिक खतरा रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यह पहल की है।
*शिविर में क्या हुआ?* स्वास्थ्य शिविर के दौरान करीब 40 सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रत्येक कर्मी का ब्लड शुगर (मधुमेह) ब्लड प्रेशर (रक्तचाप)हीमोग्लोबिन
की जांच की। जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आंकलन किया और आवश्यकता अनुसार उन्हें नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर में महिला स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भी मौजूद रही।
*एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ ने किया जागरूक* शिविर के दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. प्रेमनाथ ने सफाईकर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम के बाद जलभराव और गंदगी से मच्छरजनित रोग जैसे डेंगू,मलेरिया,चिकनगुनिया और अन्य संचारी रोग तेजी से फैलते हैं।
उन्होंने सफाईकर्मियों को निर्देश दिया कि 1.अपने घर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखें।
2. नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें। 3 कहीं भी पानी इकट्ठा न होने दें, चाहे वह कूलर, गमले या टायर में ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरणीय स्वच्छता भी बेहद जरूरी है। *नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा - सफाईकर्मी स्वस्थ तो शहर स्वस्थ* इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा "सफाईकर्मी स्वस्थ रहेंगे, तभी शहर की सफाई व्यवस्था भी बेहतर तरीके से संचालित हो सकेगी। हमारे सफाईकर्मी रोजाना गंदगी, जलभराव और विभिन्न प्रकार के संक्रमण के बीच काम करते हैं। ऐसे में समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना हमारी जिम्मेदारी है।संचारी रोग नियंत्रण माह के दौरान केवल आम लोगों को जागरूक करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है जो रोजाना नालियों,कूड़े और सार्वजनिक स्थलों की सफाई करते हैं।"अंत में उन्होंने सभी सफाईकर्मियों से अपील की कि वे स्वयं भी व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें,मास्क और दस्ताने का प्रयोग करें और अपने आसपास जलभराव बिल्कुल न होने दें।

Post a Comment