Top News

25 दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में उमड़ा उत्साह

 


अष्टांग योग, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण



ओबरा/सोनभद्र। पतंजलि सोनभद्र के सभी संगठनों के तत्वावधान में आयोजित 25 दिवसीय सहयोग योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन साधकों और प्रशिक्षुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। चिल्ड्रेन पार्क, ओबरा में चल रहे इस निःशुल्क शिविर में योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।


प्रातःकालीन सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। योग शिक्षक राजाराम सिंह, साधक आनंद एवं योग प्रशिक्षक वीरेंद्र योगी ने प्रशिक्षुओं को अष्टांग योग की विस्तृत जानकारी देते हुए मंडूकासन, शशकासन, गोमुखासन, वक्रासन सहित कई उपयोगी योगासनों का अभ्यास कराया। विशेष रूप से मधुमेह से बचाव एवं नियंत्रण के लिए खान-पान और प्राकृतिक उपायों पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने करेला, खीरा, टमाटर, तुलसी एवं नीम की पत्तियों के सेवन, मिश्रित दाल, नवरत्न आटे की रोटी तथा प्राकृतिक तरीके से बने भोजन को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया।




योग प्रशिक्षकों ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा और योग विश्व की प्राचीनतम चिकित्सा पद्धतियां हैं। मानव शरीर स्वयं एक बड़ा चिकित्सक है, जिसके अंग-प्रत्यंग प्राकृतिक रूप से उपचार करने की क्षमता रखते हैं। योग और पंचमहाभूतों के माध्यम से शरीर की ऊर्जा को सक्रिय किया जा सकता है।


साधक आनंद ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिविर में आकर उन्हें योग की सही विधियां सीखने को मिली हैं और स्वास्थ्य में भी सकारात्मक परिवर्तन महसूस हो रहा है। वहीं राजाराम सिंह ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवनशैली और जीवन का आधार है। नियमित योग करने से व्यक्ति ऊर्जावान और स्वस्थ बना रहता है।




योग प्रशिक्षक जितेंद्र सिंह ने योगिक सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को मुद्रा, प्राण, महाभूत एवं कोश संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं, ताकि प्रशिक्षु आगे समाज में लोगों को सही मार्गदर्शन दे सकें।


राज्य प्रभारी भगवान, भ्राता दुर्गेश के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित यह 25 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगातार प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ रहा है। शिविर में जिला प्रभारी रवि प्रकाश, सह जिला प्रभारी दिनेश, योग विस्तारक शिवपूजन झा, मयंक दुबे, अरुण, आर्यन गुप्ता, तहसील प्रभारी सहित कई पदाधिकारी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।


शिविर में योग शिक्षक लालजी, देवेश, बबलू, शिवांगी, गीता यादव, दिनेश, ओमकार सिंह, शंकर मजूमदार, शौमिक सहित बड़ी संख्या में साधक प्रशिक्षण ले रहे हैं। विशेष आकर्षण 11 वर्षीय अमृत राज बने हुए हैं, जो रामपुर निवासी हैं और कम उम्र में ही योग प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षकों ने कहा कि बचपन से योग अपनाने पर अच्छे संस्कार और अनुशासित जीवनशैली स्वतः विकसित होती है।


स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण के निर्देशन में संचालित इस शिविर का संचालन नरेंद्र सिंह, ओबरा प्रभारी द्वारा किया जा रहा है। शिविर की देखरेख भारत स्वाभिमान सोनभद्र के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी कर रहे हैं। आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में चिल्ड्रेन पार्क, ओबरा पहुंचकर निःशुल्क योग शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume