मीझून गांव में विशाल भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
पूर्वांच की आवाज सोनभद्र
घोरावल/सोनभद्र। घोरावल तहसील क्षेत्र के मीझून गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का समापन गुरुवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। कथा विश्राम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।
श्री मद्भागवत कथा के आयोजक रामेश्वर नारायण झा सपत्नीक रहे। यह धार्मिक आयोजन चारों धाम — बद्रीनाथ धाम, द्वारिका धाम, रामेश्वर धाम एवं जगन्नाथ पुरी की पावन यात्रा तथा गया धाम दर्शन के उपरांत कराया गया। कथा का शुभारंभ 19 मई मंगलवार को हुआ था, जिसका समापन गुरुवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
कथा का आयोजन स्वर्गीय उदित नारायण झा एवं स्वर्गीय चम्पा देवी की पावन स्मृति में कराया गया। कथा व्यास संतोष शरण महाराज ने अपने ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भगवत महिमा और धर्म के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए लोगों को आध्यात्मिक संदेश दिया। कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर कथा का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गोविंद नारायण झा, लक्ष्मी नारायण झा, चिरंजीव नारायण झा सहित पूरे परिवार एवं क्षेत्रीय लोगों का विशेष सहयोग रहा। कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। समापन अवसर पर आयोजित भंडारे में दूर-दराज से आए लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।

Post a Comment