Top News

नाबालिग किशोरी का बाल विवाह कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 


पिपरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, परिवार को बंधक बनाकर दी जा रही थी जान से मारने की धमकी



सोनभद्र। थाना पिपरी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। नाबालिग किशोरी का बाल विवाह कराने, परिवार को डरा-धमकाकर बंधक बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पिपरी क्षेत्र के मलीन बस्ती वार्ड नं०-01 तुर्रा निवासी पवन कुमार पुत्र स्व० कमाल धरिकार ने 21 मई 2026 को थाना पिपरी में सूचना दी थी कि उनकी पत्नी बच्चों सहित बिना बताए घर से कहीं चली गई है। इस संबंध में पुलिस द्वारा गुमशुदगी दर्ज कर तत्काल तलाश शुरू की गई।




पुलिस की सक्रियता के चलते 23 मई 2026 को महिला एवं उसके बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। घर लौटने के बाद पीड़िता ने बताया कि उसे और उसके बच्चों को कामेश्वर बैठा निवासी रेनुकूट तथा बाबा जी नामक व्यक्ति बहला-फुसलाकर अलीगढ़ ले गए थे, जहां उसकी करीब 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री का विवाह लोकेश नामक युवक से करा दिया गया।


पीड़िता ने यह भी बताया कि अलीगढ़ में उन्हें डरा-धमकाकर रखा गया तथा किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। मौका मिलने पर पीड़िता ने लोकेश के मोबाइल से अपने पति को सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद किया।


मामले में थाना पिपरी पर मु0अ0सं0-102/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान प्रकरण में पॉक्सो एक्ट एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई।


 *आर्थिक लाभ के लिए गरीब एवं नाबालिग लड़कियों को बनाते थे शिकार* 


पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के क्रम में थाना पिपरी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 28 मई 2026 को नौकुटिया मोड़ के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लोकेश कुमार उर्फ मुच्ची शर्मा निवासी अलीगढ़ तथा कामेश्वर बैठा निवासी झारखंड हाल पता मलीन बस्ती तुर्रा थाना पिपरी के रूप में हुई है।


पुलिस पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से पश्चिमी जनपदों के लोगों से संपर्क स्थापित करते थे और मोटी रकम लेकर गरीब एवं नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर दूसरे जनपदों में ले जाकर उनका विवाह कराते थे।


इस कार्रवाई में थाना पिपरी पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume