Top News

ग्रामीण पत्रकारिता दिवस पर ओबरा में जुटे कलमकार

 

पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय 

संस्थापक बालेश्वर जी की पुण्यतिथि पर पत्रकारों ने लिया जनसरोकारों की पत्रकारिता का संकल्प



ओबरा, सोनभद्र। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को ओबरा स्थित किड्स केयर इंग्लिश मीडियम स्कूल में ग्रामीण पत्रकारिता दिवस एवं संगठन के संस्थापक स्वर्गीय बालेश्वर जी की पुण्यतिथि श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकारिता को जनहित, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए उसे और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र नीरा ने अपने संबोधन में कहा कि आज की पत्रकारिता को पर्यावरण, पारिस्थितिकी, जल, जंगल और जमीन जैसे गंभीर विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसके विविध आयामों पर प्रकाश डालते हुए कई प्रेरणादायक संस्मरण भी साझा किए, जिसने उपस्थित पत्रकारों को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान की।




वरिष्ठ पत्रकार संजय यादव ने सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभावों और उसकी भयावहता पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता को जनहित और ग्रामीण समस्याओं से जुड़कर कार्य करना होगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता देने वाली पत्रकारिता पर विशेष बल दिया।


कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार कमाल अहमद का संबोधन सबसे अधिक चर्चा का केंद्र रहा। उन्होंने पत्रकारिता को केवल खबरों तक सीमित न मानते हुए उसे भावनात्मक, संवेदनात्मक, आध्यात्मिक, नैतिक और मानवीय मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों की रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कानूनी अधिकार और खुशहाली को पत्रकारों को अपना व्यक्तिगत उद्देश्य बनाना चाहिए। साथ ही भ्रष्टाचारियों और सामंती मानसिकता के लोगों द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एसपी तनेजा ने की तथा आभार ज्ञापन भी किया। संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक एस के गुप्ता ने किया।




इस अवसर पर राकेश सिंह, शमशाद आलम, राम प्यारे सिंह, उत्तम सिंह, भोला दुबे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume