Top News

अनपरा तापीय परियोजना में अवैध निर्माण का खेल!

 


ठेले के नाम पर डेयरी, डेयरी के नाम पर कब्जा — सिविल प्रबंधन की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल


सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में एक बार फिर अवैध निर्माण का मामला गरमा गया है। परिसर में संचालित डेयरी दुकान पर नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि पहले भी इसी स्थान पर अवैध निर्माण की शिकायतें सामने आई थीं, जिस पर परियोजना प्रबंधन ने संज्ञान लेते हुए काम रुकवाया था, लेकिन अब पुनः निर्माण कार्य शुरू होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।


स्थानीय कर्मचारियों और विद्युत कर्मी नेताओं का आरोप है कि जिन दुकानों को केवल ठेले के नाम पर अस्थायी रूप से आवंटित किया गया था, वहां आज बड़े स्तर पर स्थायी डेयरी संचालन और अवैध कब्जे का खेल चल रहा है। इतना ही नहीं, डेयरी के पीछे भारी मात्रा में भवन निर्माण सामग्री गिराकर निर्माण की तैयारी भी कर ली गई है, जो बिना सिविल विभाग की जानकारी और मिलीभगत के संभव नहीं मानी जा रही।




विद्युत कर्मी नेता प्रशांत उपाध्याय एवं सुजीत सोनी ने इस पूरे मामले को गंभीर भ्रष्टाचार और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाला मामला बताया है। उन्होंने कहा कि यदि कॉलोनी परिसर में इस तरह अवैध निर्माण और कब्जेदारी को बढ़ावा दिया गया, तो भविष्य में पूरा परिसर अतिक्रमण और भ्रष्टाचार का अड्डा बन जाएगा।


नेताओं ने सिविल प्रबंधन से तत्काल अवैध निर्माण रुकवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो यह साफ माना जाएगा कि “दाल में कुछ काला है” और पर्दे के पीछे अधिकारियों की मिलीभगत से पूरा खेल संचालित हो रहा है। मामले की शिकायत ऊर्जा प्रबंधन लखनऊ तक भेजने की भी बात कही गई है।


कर्मचारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि परियोजना की आवासीय कॉलोनी को भ्रष्टाचार, अवैध कब्जों और मनमानी का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। अब देखना यह होगा कि परियोजना प्रबंधन इस गंभीर मामले पर कब और क्या कार्रवाई करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume