पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय
सत्यनारायण मौर्य ब्यूरो चीफ सोनभद्र
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1 क्विंटल 42 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 72 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 को मीतापुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो कारों में भारी मात्रा में अवैध गांजा लादकर चोपन की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना चोपन पुलिस डाला चौकी पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से चोपन बैरियर पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर डाला की ओर से आ रही एक इनोवा और एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर सलखन स्थित गांधी आश्रम के सामने दोनों वाहनों को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से प्लास्टिक की पांच बोरियों में रखा गया 1.42 क्विंटल अवैध गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मो. जावेद उम्र 37 वर्ष निवासी बक्सी का तालाब लखनऊ तथा अनुज कुमार मौर्य उम्र 26 वर्ष निवासी गुरुबक्शगंज रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनका एक साथी जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने बरामदगी के दौरान दो कारें, एक फर्जी नंबर प्लेट, दो मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद भी कब्जे में लिए हैं। बरामद सामानों की कुल अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों, विशेषकर रायबरेली और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। इसके बदले उन्हें मोटी रकम मिलती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी में प्रयुक्त वाहनों के मालिकों को भी किराया दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, एसओजी प्रभारी नागेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी डाला घनश्याम तिवारी सहित थाना चोपन एवं एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।

Post a Comment