पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय/सत्यनारायण मौर्य ब्यूरो चीफ
सोमा ग्राम पंचायत में संघर्ष मोर्चा की जन चौपाल, पेयजल संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा द्वारा संचालित "पेड़ है तो प्राण है" अभियान के तहत आज जनपद के सुदूर वनवासी क्षेत्र सोमा ग्राम पंचायत में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वन संपदा के संवर्धन तथा सोनभद्र में तेंदुआ सफारी एवं कृषि वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पेयजल संकट को बताया। ग्रामीणों का कहना था कि सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन एवं हर घर नल योजना के बावजूद आज भी उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे आज भी पीने के लिए नाले, नालों और तालाबों के पानी को कपड़े से छानकर उपयोग करने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों की पीड़ा सुनकर मोर्चा संयोजक संदीप मिश्रा ने मौके पर ही जिलाधिकारी सोनभद्र एवं जल निगम के अधिकारियों से वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने प्रशासन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि वनवासी क्षेत्रों के लोग स्वच्छ पानी के लिए तरस रहे हैं तो यह शासन-प्रशासन की गंभीर विफलता है।
संदीप मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही सोमा ग्राम पंचायत के लोगों को पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ग्रामीणों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट पर व्यापक जन आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जल निगम एवं जिला प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, विजय चौहान, बिंदु खरवार, मुखलाल चेरो, सुष्मिता धनगर, दिनेश चेरो, नागेंद्र धनगर, आकाश, राज, राधा, कन्हैया लाल सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment