Top News

नदी किनारे 25 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र तिवारी संवाददाता 

दुद्धी/सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के मुरता-लिलासी मार्ग पर मंगलवार को एक 25 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।



जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान समर सिंह (25 वर्ष) पुत्र मोहन सिंह निवासी महुअरिया के रूप में हुई है। उसका शव मुरता गांव के पास नदी पुलिया से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। शव के सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल के समीप खून से सने बड़े पत्थर भी मिले हैं, जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि हमलावरों ने पत्थर से वार कर उसकी हत्या की है। परिजनों का दावा है कि मृतक के चेहरे पर धारदार हथियार के निशान भी दिखाई दे रहे थे।

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के बड़े भाई धर्म सिंह ने बताया कि समर सिंह चार भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी शादी करीब दो माह पूर्व रासपहरी गांव में हुई थी। मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे वह बाइक से लिलासी की ओर गया था। शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि उसका शव लिलासी पुलिया के पास पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें थीं।

क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड की सहायता ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume