Top News

दर्दनाक सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो ट्रक में घुसी

 


पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय 

सत्यनारायण मौर्य ब्यूरो चीफ 

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जनपद के थाना रंटोला क्षेत्र अंतर्गत ओढ़े गांव निवासी श्रद्धालु वाराणसी में दर्शन-पूजन करने के बाद बोलेरो वाहन से अपने घर लौट रहे थे। सोमवार को जब उनकी गाड़ी वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य राज्य मार्ग पर चोपन स्थित पोस्ट ऑफिस के समीप पहुंची, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि चालक ने रास्ते में चोपन बस स्टैंड पर रुककर चाय पी और मुंह धोकर नींद भगाने का प्रयास भी किया था, लेकिन कुछ ही दूरी बाद उसे फिर झपकी आ गई और हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।उपनिरीक्षक अभय यादव अपने हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल निजी वाहन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया। हादसे में रविचंद पाठक उम्र 75 वर्ष, स्वाती जायसवाल उम्र 11 वर्ष पुत्री महेंद्र प्रसाद, गोपट उम्र 54 वर्ष पत्नी अयोध्या प्रसाद तथा किरण उम्र 35 वर्ष पत्नी महेंद्र घायल हो गए। सीएचसी चोपन में तैनात चिकित्सक डॉ. नवनीत श्रीवास्तव ने बताया कि चारों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। जांच के दौरान तीन घायलों के सिर में गंभीर चोट तथा मुंह से रक्तस्राव पाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए एक महिला समेत तीन घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल का उपचार चोपन अस्पताल में जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।



Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume