पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र तिवारी संवाददाता
20 गेंदों में 61 रन ठोक तहिद बने जीत के नायक, विंढमगंज को 67 रनों से हराया
विंढमगंज सोनभद्र_
दुद्धी विकास खंड के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में चल रहे नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के आठवें दिन पहला मुकाबला बैरखड़ और बजरंग दल विंढमगंज के बीच खेला गया। टॉस जीतकर विंढमगंज ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया और बैरखड़ को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बैरखड़ की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 6 विकेट खोकर 137 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से तहिद ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 20 गेंदों में 61 रन बनाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बजरंग दल विंढमगंज की टीम बैरखड़ के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित 8 ओवरों में केवल 70 रन ही बना सकी। इस तरह बैरखड़ ने 67 रनों की शानदार जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए तहिद को "मैन ऑफ द मैच" चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र कुमार गुप्ता तथा पत्रकार/प्रधानाचार्य आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली राकेश कुमार कन्नौजिया के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
मैच में अंपायर की भूमिका सूरज कुमार एवं आंसू ने निभाई, जबकि स्कोरर सौरभ कुमार और कमेंटेटर सोनू कुमार रहे। इस दौरान राजनाथ गोस्वामी, सुकेश कुमार, सन्नी कुमार सहित सैकड़ों खेलप्रेमी दर्शक मौजूद रहे।

Post a Comment