पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र तिवारी संवाददाता
महुली में 50 राजमिस्त्रियों को आधुनिक तकनीकों की दी गई जानकारी, सभी शिल्पकारों को किया गया सम्मानित
महुली/दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी विकास खंड के महुली स्थित लक्ष्मी हार्डवेयर परिसर में बुधवार सायं अल्ट्राटेक सीमेंट के बैनर तले आयोजित शिल्पकार सम्मेलन में क्षेत्र के लगभग 50 राजमिस्त्रियों एवं शिल्पकारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, मजबूती एवं आधुनिक तकनीकों के प्रति शिल्पकारों को जागरूक करना रहा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए इंजीनियर विनोद कुमार गुप्ता ने अल्ट्राटेक सीमेंट की विशेषताओं, उपयोग की विधियों तथा मजबूत एवं टिकाऊ निर्माण के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी भवन की गुणवत्ता उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और शिल्पकारों की दक्षता पर निर्भर करती है। सही तकनीक और उचित अनुपात में सामग्री का प्रयोग भवन को लंबे समय तक सुरक्षित एवं मजबूत बनाए रखता है।
उन्होंने राजमिस्त्रियों को सीमेंट के सही उपयोग, प्लास्टरिंग, कंक्रीट मिश्रण तथा निर्माण कार्य में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही आधुनिक निर्माण तकनीकों को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि समय के साथ नई जानकारी हासिल करना प्रत्येक शिल्पकार के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित राजमिस्त्रियों ने निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। सम्मेलन में अल्ट्राटेक सीमेंट की विभिन्न योजनाओं एवं उत्पादों की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर लक्ष्मी हार्डवेयर के प्रोपराइटर कमलेश कुमार कन्नौजिया ने सभी अतिथियों एवं शिल्पकारों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन कराने की बात कही।
सम्मेलन के समापन अवसर पर उपस्थित सभी राजमिस्त्रियों एवं शिल्पकारों को सम्मानित कर प्रशस्ति उपहार प्रदान किए गए, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मान पाकर शिल्पकारों ने आयोजकों एवं अल्ट्राटेक सीमेंट प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में यूसुफ, संतोष कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।


Post a Comment