पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र तिवारी संवाददाता
सन्नी की विस्फोटक बल्लेबाजी से महुली ने घिवही को 55 रन से हराया, मंजू पाली क्लिनिक ने रोमांचक मुकाबले में जय मां काली दुद्धी को दी मात
महुली/दुद्धी (सोनभद्र)। विकास खंड दुद्धी क्षेत्र के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें दिन खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच और शानदार खेल प्रदर्शन से भरपूर रहे। दर्शकों ने देर रात तक चौकों-छक्कों की बारिश का आनंद लिया।
दिन के पहले मुकाबले में आरबीएस क्लब महुली और घिवही की टीम आमने-सामने हुई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए महुली की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 140 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सन्नी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि सौरभ ने 11 गेंदों पर 29 रन और आकर्ष चौबे ने 10 गेंदों पर 18 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी घिवही की टीम महुली के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 10 ओवरों में 4 विकेट खोकर केवल 85 रन ही बना पाई। इस प्रकार महुली ने यह मुकाबला 55 रन से जीतकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए सन्नी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं दिन का दूसरा मुकाबला जय मां काली दुद्धी और मंजू पाली क्लिनिक के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मंजू पाली क्लिनिक की टीम ने 8 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 87 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय मां काली दुद्धी की टीम 7.4 ओवरों में 84 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस रोमांचक मुकाबले में मंजू पाली क्लिनिक ने 3 रन से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
मैच में श्रेयांश और आकाश ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि हिमांशु गोस्वामी ने स्कोरर तथा विकास कुमार ने कमेंट्री की जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर मुकेश कुमार, संतोष कुमार, नंदकिशोर, सुकेश कुमार, भागवत सहित सैकड़ों खेल प्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।


Post a Comment