पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन में योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का 14वां दिन उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न
पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय/ब्यूरो चीफ सत्यनारायण मौर्य
ओबरा । पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन एवं सोनभद्र जिले के विभिन्न संगठनों के सहयोग से संचालित योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर के 14वें दिन चिल्ड्रेन पार्क स्थित योग भवन में साधकों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रातःकालीन सत्र का शुभारंभ सिंचाई विभाग में कार्यरत कार्यालय अधीक्षक लालजी एवं सहायक प्रधानाचार्य देवेश कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
योग प्रशिक्षक वीरेंद्र योगी जी ने योगिक जॉगिंग, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग का चौथा अंग प्राणायाम है, जिसे पहले कठिन माना जाता था, लेकिन योग ऋषि पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज ने इसे घर-घर तक पहुंचाकर जनसुलभ बना दिया है। आज प्राणायाम स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
उन्होंने बताया कि शरीर में पांच मुख्य प्राण — प्राण, अपान, उदान, समान और व्यान — के साथ देवदत्त, नाग, कृकल, कूर्म और धनंजय जैसे उपप्राण भी सक्रिय रहते हैं, जो छींकना, पलक झपकाना, जंभाई लेना और हिचकी जैसी क्रियाओं को संचालित करते हैं। साथ ही शरीर में पंचकोशों का भी विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम हर वर्ग के लोगों के लिए आवश्यक हैं, चाहे वह अमीर हो या गरीब, खिलाड़ी हो या पत्रकार, विद्यार्थी हो या अधिकारी।
*“खुद करें औरों को कराएं” के संकल्प के साथ तैयार हो रहे नए योग शिक्षक*
*निःशुल्क चिकित्सा और योग सेवा से साधकों को मिल रहा लाभ*
शिविर का मुख्य उद्देश्य नए योग शिक्षकों को तैयार करना है, ताकि वे विभिन्न स्थानों पर योग कक्षाएं संचालित कर समाज को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित कर सकें। वक्ताओं ने कहा कि पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज एवं आचार्य बालकृष्ण जी महाराज का सपना है कि भारत का प्रत्येक नागरिक सुबह उठकर योग साधना करे, जिससे बीमारियों और तनाव से मुक्ति मिल सके। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि आत्म अनुशासन और औषधीय पद्धति भी है।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की ओर से सोनभद्र जिले के कोषाध्यक्ष जितेंद्र जी द्वारा प्राप्त प्रशंसनीय पत्र वरिष्ठ योग शिक्षक राजेश शर्मा एवं लालजी को भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिविर में जिला प्रभारी भारत स्वाभिमान सोनभद्र के वीरेंद्र योगी जी द्वारा आंख एवं कान की निःशुल्क चिकित्सा सेवा भी प्रदान की जा रही है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में साधक उठा रहे हैं।
ओबरा में योग साधकों एवं योग शिक्षकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पतंजलि परिवार ओबरा द्वारा चिल्ड्रेन पार्क स्थित योग भवन में प्रतिदिन निःशुल्क योग एवं चिकित्सा शिविर संचालित किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी नागरिकों से दरी लेकर योग शिविर में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र सिंह ओबरा प्रभारी ने किया। इस अवसर पर योग शिक्षक भाई बबलू प्रजापति, लल्लन यादव, शशिकांत, लालजी, देवेश सिंह, रामलखन, वरिष्ठ राजाराम सिंह, घनश्याम सिंह, वीरेंद्र कुशवाहा, राजकुमार मास्टर, आनंद जी, राजेश यादव, अरुण कुमार, केवल, हौसला तिवारी, नरसिंह कौशल, विकास कुमार तथा बहनों में गीता यादव, मंजू, शिवांगी, पूनम, किरण, पुष्पा जी, रंजना पांडेय, सुभाषा, उर्मिला एवं राजेश्वरी सहित बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।



Post a Comment