Top News

महुली में दर्द नाक हादसा रेलवे ट्रैक पर 13 वर्षीय बालक की मौत।

   पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता 

मालगाड़ी की चपेट में आया शिवकुमार कन्नौजिया, पिता की भी इसी क्षेत्र में रेल हादसे में हो चुकी है मौत; गांव में पसरा मातम





विंढमगंज/दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत महुली-फुलवार बॉर्डर पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। 13 वर्षीय शिवकुमार कन्नौजिया, पुत्र स्वर्गीय दीपक कुमार कन्नौजिया, निवासी ग्राम महुली की संदिग्ध परिस्थितियों में मालगाड़ी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय आसपास पशु चरा रहे चरवाहों ने बताया कि शिवकुमार अचानक दौड़ते हुए रेलवे ट्रैक की ओर पहुंच गया। उसी दौरान सामने से तेज गति से मालगाड़ी आ रही थी। देखते ही देखते वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा विंढमगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।





इस घटना ने लोगों को इसलिए भी गहरे सदमे में डाल दिया क्योंकि ग्रामीणों के अनुसार मृतक के पिता स्वर्गीय दीपक कुमार कन्नौजिया की भी कुछ वर्ष पूर्व इसी क्षेत्र के आसपास रेलगाड़ी की चपेट में आने से मौत हुई थी। पिता और पुत्र की एक ही स्थान के निकट हुई असामयिक मृत्यु को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इसे बेहद दुखद संयोग बता रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। परिजनों के करुण विलाप से माहौल गमगीन हो उठा। महुली सहित आसपास के गांवों में शोक व्याप्त है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume