Top News

कनहर पुल बना हादसों का खतरा, जगह-जगह गड्ढों में तब्दील

 पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता 






सरकार के गड्ढामुक्त अभियान के बीच पुल हुआ गड्ढायुक्त, निकली सरिया और जमा मिट्टी से बढ़ा दुर्घटना का खतरा

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी और महुली के बीच कनहर नदी पर बना महत्वपूर्ण पुल पिछले कई महीनों से बदहाल स्थिति में है। पुल के ऊपर जगह-जगह सड़क टूटकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। कई स्थानों पर पुल की सतह से सरिया बाहर निकल आई है, जबकि कहीं-कहीं काफी मात्रा में मिट्टी जमा होने से घास तक उग आई है। ऐसे में पुल से होकर गुजरने वाले राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग लगातार खतरनाक होता जा रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल क्षेत्र में लंबे समय से मरम्मत कार्य नहीं होने के कारण स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बाइक सवारों के लिए पुल की स्थिति अधिक जोखिमपूर्ण बनी हुई है। गड्ढों और बाहर निकली सरिया के कारण कई बार बाइक सवार फिसलकर गिर चुके हैं और घायल भी हुए हैं।

बारिश ने बढ़ाई परेशानी, पानी में छिप जा रहे गड्ढे

इन दिनों बारिश के चलते पुल की स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी जमा हो जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। वाहन चालक जब पानी भरे गड्ढों से गुजरते हैं तो अचानक संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी से भरे गड्ढे और बाहर निकली सरिया आसानी से दिखाई नहीं देती।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुद्धी-महुली क्षेत्र के बीच आवागमन के लिए यह पुल बेहद महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र, कर्मचारी, व्यापारी और दोपहिया वाहन चालक इस पुल से होकर गुजरते हैं। इसके बावजूद पुल की जर्जर स्थिति की ओर जिम्मेदार विभाग का पर्याप्त ध्यान नहीं जा रहा है।

गड्ढामुक्त अभियान पर उठ रहे सवाल

एक ओर सरकार और संबंधित विभाग सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कनहर नदी का यह पुल खुद गड्ढों से घिरा नजर आ रहा है। पुल की क्षतिग्रस्त सतह, बाहर निकली सरिया, जमा मिट्टी और घास दुर्घटना को खुला न्योता दे रही है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पुल का तत्काल निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत कराने, बाहर निकली सरिया को ठीक कराने तथा पुल की पूरी सतह की आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते पुल की मरम्मत करा दी जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume