Top News

महुली में पितरम गौड़ के घर से इंद्रदेव कन्नौजिया के घर तक की सड़क बदहाल, कीचड़ में तब्दील हुआ रास्ता

 पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता 





राशन लेने जाने वाले ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, कीचड़ में फंस रहे राशन लदे ट्रक; ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से सड़क निर्माण की लगाई गुहार

महुली (सोनभद्र)। गांव में पितरम गौड़ के घर से इंद्रदेव कन्नौजिया के घर तक जाने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। बारिश के कारण पूरा रास्ता कीचड़ से पट गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद अब तक संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, इसी मार्ग से होकर बड़ी संख्या में लोग सरकारी राशन की दुकान पर खाद्यान्न लेने पहुंचते हैं। रास्ते पर जगह-जगह गहरा कीचड़ होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार ग्रामीण कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे चोटिल होने का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।





ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी राशन की दुकान पर खाद्यान्न पहुंचाने वाले ट्रक को भी इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क पर अत्यधिक कीचड़ और दलदल होने के कारण राशन लदे वाहन कई बार रास्ते में फंस जाते हैं। इससे जहां राशन की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका रहती है, वहीं वाहन को निकालने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि गांव के लोगों की दैनिक जरूरतों से जुड़ा महत्वपूर्ण रास्ता है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत अथवा निर्माण की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर सड़क का निर्माण कराने तथा तब तक आवागमन योग्य बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

इस दौरान राजकपूर कन्नौजिया, इंद्रदेव कन्नौजिया, विनय कुमार कन्नौजिया, देवनाथ, पितरम गौड़ सहित दर्जनों ग्रामीणों ने समस्या के समाधान की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume