पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता
दुद्धी, सोनभद्र।नगर पंचायत दुद्धी में स्वच्छता अभियान को लेकर किए जा रहे प्रशासनिक दावे धरातल पर दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला दुद्धी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 का है, जहां स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नियुक्त किए गए खुद 'स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर' के घर के ठीक सामने एक खुली नाली बजबजा रही है। इस नाली में प्लास्टिक, पॉलीथीन और गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध फैली है और स्थानीय निवासियों के बीच गंभीर संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है।सूत्रों की मानें तो नगर पंचायत ने क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने और आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बकायदा एक स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर की नियुक्ति की है, जिसके लिए एक निश्चित मानदेय भी निर्धारित किया गया है। लेकिन सरकारी धन के इस खर्च के बावजूद नगर में स्वच्छता अभियान पूरी तरह फ्लॉप साबित हो रहा है। जब मुख्य जिम्मेदारी संभालने वाले जिम्मेदार व्यक्ति के अपने ही आवास के सामने सफाई व्यवस्था का यह हाल है, तो नगर के अन्य वार्डों और आंतरिक गलियों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
नगरवासियों का आरोप है कि स्वच्छता अभियान केवल कागजी दावों और विज्ञापनों तक ही सीमित रह गया है। धरातल पर फैली यह गंदगी शासन-प्रशासन की उदासीनता को साफ बयां कर रही है। वार्ड वासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस समस्या का तत्काल संज्ञान लिया जाए, नाली की उचित सफाई कराई जाए और स्वच्छता के नाम पर हो रही इस खानापूर्ति की जांच की जाए।

Post a Comment