Top News

अडानी और निजी कंपनियों द्वारा आदिवासियों की जमीन हड़पने के खिलाफ कांग्रेस का शंखनाद: राष्ट्रीय सचिव प्रयाग जोन प्रभारी वरुण चौधरी ने चीचली में चौपाल लगाकर जिला प्रशासन और सरकार को दी खुली चुनौती, जिला कार्यालय पर संगठन समीक्षा बैठक भी किया गया

पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय 

चिचलीक/ सोनभद्र 






 क्षेत्र के चीचली, पनौरा, बसुवारी, पोखरिया और शसनीय गांवों व पूरे जनपद सोनभद्र में अडानी और अदावा जैसी निजी कंपनियों द्वारा आदिवासियों की जमीनों को औने-पौने दामों में जबरन खरीदे जाने और उनके प्रशासनिक उत्पीड़न के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने सीधे तौर पर मोर्चा खोल दिया है।








कल दिनांक 11/09/2026 को चीचली गांव में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रयाग जोन के प्रभारी वरुण चौधरी ने आदिवासियों के बीच एक विशाल चौपाल का आयोजन किया, जिसमें उमड़े आदिवासियों के जनसैलाब को संबोधित करते हुए जिला प्रशासन एवं सरकार की चूलें हिलाते हुए वरुण चौधरी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी और कहा कि -


"मैं इस बहरी सरकार और कॉरपोरेट को संरक्षण देने वाले जिला प्रशासन को साफ शब्दों में चेतावनी देने आया हूँ कि आदिवासियों की जमीन पर गिद्ध दृष्टि डालना बंद करो, क्योंकि चीचली, पनौरा, बसुवारी, पोखरिया और शसनीय गांवों सोनभद्र की पावन धरती आदिवासियों के पुरखों की है, किसी पूंजीपति की जागीर नहीं है। अडानी और अदावा जैसी कंपनियों के साथ मिलकर आदिवासियों को डराना-धमकाना और कौड़ियों के भाव उनकी पुश्तैनी जमीनें जबरन छीनना बंद किया जाए और प्रशासन कान खोलकर सुन ले कि आदिवासियों का उत्पीड़न करने वाली सरकार को उखाड़ फेंकने की शुरुआत इसी चीचली गांव से होगी।"









वरुण चौधरी ने इस बात पर भी गहरा रोष व्यक्त किया कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार के राज में इन आदिवासी बाहुल्य गांवों में आज भी मोबाइल नेटवर्क तक नहीं है और लोग बिजली की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं, जहाँ सही से बिजली तक नसीब नहीं हो रही है।


उन्होंने आदिवासियों को पूरी लड़ाई का भरोसा दिलाते हुए आगे कहा कि - "यह जल, जंगल और जमीन आदिवासियों का अधिकार है, उनकी आत्मा है और राहुल गांधी जी के सिपाही होने के नाते मैं आपको वचन देता हूँ कि हम आपकी एक इंच जमीन भी इन महाबली पूंजीपतियों के हाथों में जाने नहीं देंगे, और अगर प्रशासन ने तुरंत आदिवासियों का उत्पीड़न, बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी तथा जमीनों की अवैध खरीद-फरोख्त नहीं रोकी, तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को सड़कों से लेकर संसद तक ले जाएगी और हम ईंट से ईंट बजा देंगे लेकिन आदिवासियों की अस्मिता और उनके अधिकारों से समझौता नहीं होने देंगे क्योंकि कांग्रेस पार्टी लगातार आदिवासियों की लड़ाई लड़ रही है और आपकी जल, जंगल, जमीन को कांग्रेस बचाकर ही दम लेगी।"


इस चौपाल के दौरान राष्ट्रीय सचिव ने सभी पीड़ित ग्रामीणों के दर्द को बेहद करीब से सुना, जहाँ आदिवासियों ने रो-रोकर अपने उत्पीड़न और नेटवर्क-बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव की दास्ताँ बयां की। कांग्रेस पार्टी की इस जनहितैषी सोच और आदिवासियों के हक की लड़ाई से प्रभावित होकर चौपाल के दौरान ही क्षेत्र के काफी संख्या में युवा आदिवासियों ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर जल-जंगल-जमीन बचाने के इस आंदोलन में कूदने का संकल्प लिया।


*दूसरी बैठक - जिला/शहर कांग्रेस कार्यालय पर संगठन समीक्षा बैठक:*


आदिवासी चौपाल के बाद शाम को जिला/शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय, सोनभद्र पर दूसरी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राष्ट्रीय सचिव श्री वरुण चौधरी जी ने जिला कांग्रेस और शहर कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों के साथ संगठन समीक्षा बैठक की।


बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची पुनरीक्षण, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी और आदिवासी न्याय की इस लड़ाई को प्रत्येक ब्लॉक-न्याय पंचायत तक ले जाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री चौधरी जी ने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।


इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्य रूप से पूर्व प्रदेश सचिव कर्मचंद विंद, जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड, शहर अध्यक्ष फरीद अहमद, पूर्व प्रदेश सचिव कमलेश, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश देव पांडे, जिला उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी, कौशलेश पाठक, दया शंकर पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष विजय शंकर उर्फ लड्डू पाण्डेय समेत सैकड़ो कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में स्थानीय आदिवासी भाई-बहन और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume