पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय
एसडीएम और सीओ ने आयोजन समितियों से की चर्चा, त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील
दुद्धी, सोनभद्र। आगामी शारदीय नवरात्र, दुर्गा पूजा, रामलीला मंचन और दशहरा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार की शाम तहसील सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। उप जिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता और क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में दुद्धी कस्बे के साथ ही तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों की दुर्गा पूजा और रामलीला आयोजन समितियों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सुरक्षा, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और पेयजल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने कहा कि शारदीय नवरात्र आस्था और श्रद्धा का पावन पर्व है। इसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन के साथ ही आयोजन समितियों और उनके सहयोगियों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं या परंपरागत रूप से रामलीला समेत अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, वहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। किसी भी प्रकार की समस्या या व्यवधान की आशंका होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।
उन्होंने त्योहार के दौरान सभी की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही शासन की गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, जय बजरंग अखाड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल, दीपक शाह, दिलीप पांडेय, मां काली मंदिर पूजा समिति के पीयूष अग्रहरि और रामनगर दुर्गा पूजा समिति के दिग्गज जौहरी सहित अन्य लोगों ने अपने सुझाव एवं समस्याएं रखे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि नवरात्र के दौरान कस्बे में भीड़ बढ़ने के मद्देनजर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, प्रमुख मंदिरों और पूजा पंडालों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा पूरे पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की जरूरत है। इसके अलावा साफ-सफाई और जलापूर्ति की व्यवस्था बेहतर रखने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में तहसील परिसर के सामने बैरिकेडिंग के कारण बाजार आने वाले लोगों को होने वाली असुविधा का मुद्दा भी उठाया गया। स्थानीय नागरिकों ने बैरिकेडिंग खोलने की मांग की, ताकि लोगों को वाहन खड़ा करने और बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिल सके। आयोजन समितियों के सदस्यों से त्योहार के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।
अध्यक्षता कर रहे एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने सभी को त्योहार की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं। इसके लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिवों और पुलिस प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा, ताकि पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, सुरेंद्र गुप्ता, कमल कानू, जेई राकेश मौर्य, नगर पंचायत कर्मी आलोक जायसवाल, ग्राम प्रधान ज्वाला प्रसाद, उदय पाल, विमल यादव, बुंदेल चौबे, पुनीत चौबे, सभासद आमेश सिंह, प्रेम नारायण, मोनू सिंह, शाहिद आलम, धीरज जायसवाल सहित विभिन्न आयोजन समितियों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Post a Comment