Top News

नशामुक्ति संकल्प अभियान अभय का के तहत धर्मा फाउंडेशन में चला नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम

 ​पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता 








​मिमिक्री के जरिए समझाया नशे का नुकसान, अतिथियों ने युवाओं को दिए नशे से दूर रहने के मंत्र


​सोनभद्र (गोरारी)।









जनपद सोनभद्र के जिला मुख्यालय स्थित गोरारी में 'धर्मा फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र' में 'नशा मुक्ति संकल्प अभियान- अभय' के अंतर्गत एक वृहद जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभय शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ धर्मा फाउंडेशन के संस्थापक अरुण शंकर पाठक 'शिशु' द्वारा मुख्य वक्ता अभय शर्मा को बुके व अंग वस्त्र भेंट कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने नशा मुक्ति केंद्र में इलाज करा रहे युवाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। युवाओं ने बताया कि वे नशा छोड़ना चाहते हैं लेकिन छोड़ नहीं पाते, जिसके कारण उन्हें नींद न आने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

​युवाओं की समस्या पर अभय शर्मा ने उन्हें मार्गदर्शन देते हुए कहा कि नशा छोड़ने के लिए खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से व्यस्त रखना सबसे जरूरी है। उन्होंने युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार गाना गाने, निबंध लिखने, पेंटिंग करने, मिमिक्री करने और खेलकूद में हिस्सा लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब शरीर रचनात्मक कार्यों और खेलकूद से थकेगा, तो प्राकृतिक रूप से अच्छी नींद आएगी और नशे की तलब खत्म हो जाएगी। इस दौरान माहौल को खुशनुमा बनाने के लिए अभय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की शानदार मिमिक्री करते हुए नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया, जिससे वहां का माहौल पूरी तरह से बदल गया और युवाओं के चेहरों पर मुस्कान आ गई।

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मा फाउंडेशन के संस्थापक अरुण शंकर पाठक 'शिशु' ने कहा कि संस्था का मुख्य लक्ष्य भटके हुए युवाओं को सही राह दिखाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। वहीं, जनपद के आदिवासियों और वनवासी समाज के लिए लगातार कार्य कर रहे प्रमुख समाजसेवी सत्य प्रताप सिंह ने कहा कि जब तक हमारा युवा नशे से दूर नहीं होगा, तब तक समाज का वास्तविक उत्थान संभव नहीं है।

​इस अवसर पर नशा मुक्ति अभियान के संयोजक व यूथ आइकॉन सौरभ कांत पति तिवारी ने कहा कि नशा देश की युवा ऊर्जा को दीमक की तरह नष्ट कर रहा है, इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने करियर और राष्ट्र निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इसी क्रम में अभियान के सह प्रभारी अजय शर्मा ने कहा कि नशे के शिकार युवाओं को समाज के तिरस्कार की नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन और प्रेम की आवश्यकता है, ताकि वे एक नया जीवन शुरू कर सकें।

​कार्यक्रम के अंत में धर्मा फाउंडेशन के संस्थापक अरुण शंकर पाठक 'शिशु' ने सभी अतिथियों, समाजसेवियों और उपस्थित लोगों का इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उक्त अवसर पर शुभम गुप्ता,श्याम बाबू केसरी, स्वप्न तिवारी,राजेश शुक्ला आदि लोग उपस्थित रहे

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume