Top News

गैस सिलेंडर में आग लगने से गृहस्थी जली, परिवार बाल-बाल बचा,आर्थिक सहायता की मांग

 पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता 






दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के बोम गांव के वार्ड नंबर 10 स्थित अगरिया बस्ती में सोमवार रात गैस चूल्हे पर खाना बनाते समय अचानक आग लगने से एक परिवार की गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया। घर के मुखिया की सूझबूझ से परिवार के सभी सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।








प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरजीत चेरो पुत्र स्व. मोती लाल चेरो के घर पर रात करीब सवा नौ बजे उनकी 58 वर्षीय पत्नी लालती देवी गैस चूल्हे पर चावल पका रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। अमरजीत ने बताया कि आग किस कारण लगी, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

घटना के समय अमरजीत अपनी पत्नी और नातियों के साथ घर में मौजूद थे। आग लगते ही उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पत्नी और नातियों को सुरक्षित बाहर निकाला। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी संख्या पहुंच गई। ग्रामीणों ने बालू, बाल्टी और डिब्बों से पानी लाकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गनीमत रही कि आग लगने के दौरान सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा आसपास के इलाके में भारी तबाही हो सकती थी। आग में परिवार का खाने पीने का सामान, बिस्तर और अन्य घरेलू सामग्री पूरी तरह जल गई। हजारों रुपये के नुकसान की आशंका है, लेकिन परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।

पड़ोसियों राय सिंह, श्रवण कुमार और राजेश कुमार ने बताया कि अमरजीत दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनकी आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर है और इस दुर्घटना ने परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।

अमरजीत ने बताया कि गांव की ग्राम प्रधान नकछेदी का लगभग 10 दिन पूर्व निधन हो गया था। परिवार इस समय शोक और कर्मकांड में व्यस्त होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो सका है। पीड़ित परिवार और पड़ोसियों ने शासन प्रशासन, राजस्व विभाग तथा लेखपालों से मामले में संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume