Top News

ज्योति जनसेवा ट्रस्ट – संकट समाधान “गाँव की सेवा • गाँव का विकास • हर संकट का समाधान”

 

पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय 









ग्राम कजियारी, जनपद सोनभद्र, उत्तर प्रदेश

सेवा में,

माननीय जिलाधिकारी महोदय,

जनपद सोनभद्र, उत्तर प्रदेश।

विषय: ग्राम कजियारी के प्रभावित ग्रामीणों के डूबे हुए घर एवं कृषि भूमि के समाधान, पुनर्वास, घर के बदले घर, जमीन के बदले जमीन तथा तत्काल जलस्तर 45 फीट किए जाने के संबंध में।

महोदय,

सविनय निवेदन है कि ग्राम कजियारी के ग्रामीण पिछले कई वर्षों से गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। ग्राम के प्रभावित ग्रामीणों के घर डूब चुके हैं, कृषि भूमि डूब चुकी है तथा खेती एवं आजीविका का साधन बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। ग्रामीण अत्यंत कठिन परिस्थितियों में अपना जीवन-यापन कर रहे हैं।

दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को हम समस्त प्रभावित ग्रामीण आपके समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं मांगें रख रहे हैं। प्रशासन द्वारा हमारी मांगों पर सकारात्मक एवं शांतिपूर्ण कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के कारण हम आज के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को स्थगित करते हुए प्रशासन को दिनांक 12 अक्टूबर 2026 तक अंतिम अवसर प्रदान कर रहे हैं।

हमारी प्रमुख मांगें

1. घर के बदले घर

जिन ग्रामीणों के घर डूब चुके हैं, उन्हें सुरक्षित स्थान पर घर के बदले घर उपलब्ध कराया जाए।

2. जमीन के बदले जमीन

जिन ग्रामीणों की कृषि भूमि डूब चुकी है, उन्हें कृषि योग्य जमीन के बदले जमीन उपलब्ध कराई जाए।

हमें केवल पैसा नहीं चाहिए।

3. तत्काल जलस्तर 45 फीट किया जाए

जब तक हमारी स्थायी समस्या का समाधान नहीं हो जाता, तब तक सिंचाई विभाग द्वारा जलस्तर तत्काल 45 फीट तक किया जाए। इस संबंध में प्रशासन एवं सिंचाई विभाग द्वारा हमें लिखित प्रमाण/आश्वासन दिया जाए।

इससे ग्रामीण अपनी उपलब्ध कृषि भूमि में गेहूँ, चना, मसूर आदि की फसल बोकर अपने परिवार का जीवन-यापन कर सकेंगे। ग्रामीण कई वर्षों से खेती प्रभावित होने के कारण अत्यंत कठिन आर्थिक परिस्थितियों में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

4. स्थायी समाधान के बाद 65 फीट जलस्तर पर कोई आपत्ति नहीं

जब प्रभावित ग्रामीणों को जमीन के बदले जमीन और घर के बदले घर देकर उचित एवं स्थायी पुनर्वास कर दिया जाएगा, उसके बाद सिंचाई विभाग द्वारा जलस्तर 65 फीट तक रखा जाता है तो ग्रामीणों को कोई आपत्ति नहीं होगी।

अंतिम समय-सीमा

हम समस्त प्रभावित ग्रामीण प्रशासन को 12 अक्टूबर 2026 तक हमारी मांगों का ठोस एवं संतोषजनक समाधान करने का अवसर दे रहे हैं।

यदि 12 अक्टूबर 2026 तक हमारी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान नहीं किया जाता है, तो हम समस्त प्रभावित ग्रामीण 15 अक्टूबर 2026 से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से भूख हड़ताल पर बैठने के लिए बाध्य होंगे।

हमारा उद्देश्य किसी प्रकार की अशांति उत्पन्न करना नहीं है। हम केवल अपने घर, कृषि भूमि, आजीविका और भविष्य की सुरक्षा के लिए न्यायपूर्ण एवं स्थायी समाधान चाहते हैं।

अतः माननीय जिलाधिकारी महोदय से विनम्र अनुरोध है कि संबंधित सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग को आवश्यक निर्देश देकर हमारी समस्याओं का समय-सीमा के भीतर समाधान कराने की कृपा करें तथा 45 फीट जलस्तर किए जाने के संबंध में लिखित आश्वासन प्रदान किया जाए।

दिनांक: 05 अक्टूबर 2026

स्थान: ग्राम कजियारी, जनपद सोनभद्र

भवदीय

ज्योति जनसेवा ट्रस्ट – संकट समाधान

“गाँव की सेवा • गाँव का विकास • हर संकट का समाधान”

एवं

समस्त प्रभावित ग्रामीण, ग्राम कजियारी

ग्रामीणों के हस्ताक्षर

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume