पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय
सत्यनारायण मौर्य ब्यूरो चीफ
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना चोपन और थाना बीजपुर पुलिस टीमों ने वाहन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे एवं निशानदेही पर कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार थाना चोपन पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि थाना बीजपुर पुलिस ने एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में अपाची, अपाची आरटीआर, हीरो स्प्लेंडर एवं होंडा ड्रीम योगा बाइक शामिल हैं। बीजपुर पुलिस द्वारा बरामद एक अपाची आरटीआर मोटरसाइकिल मध्य प्रदेश के सिंगरौली जनपद के मोरवा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।थाना चोपन पुलिस ने 13/14 जून 2026 की रात्रि वैष्णो डाला मंदिर के समीप बैगा टोला मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर प्लेट लगी अपाची मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को पकड़ा। पूछताछ एवं सत्यापन में बाइक चोरी की निकली। अभियुक्त की निशानदेही पर बैगा टोला स्थित एक खंडहर मकान से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजेश गौड़ पुत्र हरिश्चंद्र गौड़ निवासी गड़ड्डीह कस्बा चोपन के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथियों राहुल गौड़, दीपक यादव एवं रोशन यादव के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं तथा बरामद अपाची बाइक को बेचने के लिए बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं थाना बीजपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र सिरसोती के पास रामदिहल प्रजापति को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ में अभियुक्त ने चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार रामदिहल प्रजापति थाना बीजपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसके विरुद्ध गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई थी।पुलिस ने बरामद वाहनों का ई-चालान ऐप के माध्यम से सत्यापन किया, जिसमें कई वाहन पूर्व में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। वाहन चोरों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थाना चोपन के प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता सहित कई उपनिरीक्षक एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे, जबकि थाना बीजपुर की टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने किया। पुलिस ने कहा है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी

Post a Comment