पूर्वांचल कि आवाज न्यूज चन्दौली संपादक विजय शंकर पाण्डेय
चंदौली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान 540 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को अलीनगर थाना पुलिस टीम रेवसा रिंग रोड सर्विस लेन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या UK06BM2563 को रुकने का इशारा किया। पुलिस का आरोप है कि मोटरसाइकिल सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान काले रंग के बैग में काली पन्नी के अंदर रखा करीब 540 ग्राम अफीम बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र पाल, निवासी उधम सिंह नगर, उत्तराखंड, उम्र करीब 29 वर्ष और लालता प्रसाद, निवासी जोगी नवादा, थाना बारादरी, जनपद बरेली, उम्र करीब 48 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के चतरा और आसपास के क्षेत्रों से अफीम खरीदकर बरेली और उत्तराखंड के उधम सिंह नगर ले जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बरामद अफीम और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेते हुए थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 636/2026, धारा 8/18/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, निरीक्षक शरद गुप्ता, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

Post a Comment