Top News

आदर्श इंटर कॉलेज महुली में गूंजा प्लास्टिक मुक्त विद्यालय का संदेश, विद्यार्थियों ने ली शपथ

 पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र उपेन्द्र कुमार तिवारी संवाददाता 








पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूकता की पहल, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से रूबरू हुए छात्र-छात्राएं; प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया ने स्वच्छ एवं हरित भविष्य के लिए किया प्रेरित

महुली (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक अंतर्गत महुली स्थित आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में मंगलवार, 27 अक्टूबर को ‘हरित प्लास्टिक मुक्त विद्यालय कार्यक्रम’ के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। संयुक्त राष्ट्र संघ की पहल पर आईटीसी के माध्यम से सशक्त फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से प्रशिक्षक अरविंद कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय एवं शारीरिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक का अनियंत्रित उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती है। इससे भूमि, जल एवं प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र प्रभावित होते हैं। प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण नहीं होने से प्रदूषण की समस्या भी बढ़ती है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने, कपड़े अथवा जूट के थैलों का इस्तेमाल करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं प्लास्टिक का उपयोग कम करें और अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया ने पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य के निर्माण के लिए प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग पर रोक लगाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूकता के संदेश को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।

इस मौके पर शिक्षक अमित कुमार मिश्रा, आलोक कुमार, अभिषेक कुमार कन्नौजिया, कृष्णा कुमार, अवधेश कुमार, कृष्ण मुरारी कन्नौजिया, शंभूनाथ गुप्ता, रोजलिन एंथोनी, रूपा कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume