पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय
खलियारी सोनभद्र
विद्यार्थियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने तथा आर्थिक और सामाजिक रूप से वंचित परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से एक्शनएड द्वारा संचालित ‘आओ मिलकर छात्रवृत्ति पाएं’ अभियान के अंतर्गत राजकीय बालिका विद्यालय सरईगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं मानवाधिकार रक्षक कमलेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजनाओं, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान कमलेश कुमार ने बताया कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की अंकतालिका सहित छात्रवृत्ति आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए समय पर आवेदन करने और दस्तावेजों में त्रुटियों को दूर कराने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव, आवश्यक दस्तावेजों की कमी और आवेदन प्रक्रिया की जटिलताओं के कारण अनेक पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचे, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक कठिनाइयों के कारण शिक्षा से दूर न रहे ।प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक योजनाओं की सही जानकारी हो।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा वर्मा ने एक्शनएड की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में मददगार साबित होते हैं तथा शिक्षा के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
उन्होंने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहयोग उपलब्ध कराने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण योगदान है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकें, आवेदन प्रक्रिया को समझें और उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
एक्शनएड की यह पहल शिक्षा के अधिकार, समान अवसर और सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस तरह के जागरूकता अभियान न केवल विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाते हैं, बल्कि एक ऐसे समाज के निर्माण में भी सहयोग करते हैं, जहां आर्थिक अभाव किसी बच्चे की शिक्षा और सपनों के आड़े न आए।

Post a Comment