पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय
खलियारी। नगवा ब्लॉक में तीन जगहों पर लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती जिलेभर में श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
नगवा ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह ने की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी थी, उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं सरदार पटेल जयंती के अवसर पर कम्हरिया से वैनी तक ऐतिहासिक एकता यात्रा निकाली गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जे.पी. पटेल के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान "भारत माता की जय" और "सरदार पटेल अमर रहें" के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
यात्रा में मुख्य अतिथि इंजीनियर रमेश सिंह पटेल ने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी देश को एकजुट रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने राष्ट्रहित और आपसी भाईचारे को सर्वोपरि बताया। विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश सिंह पटेल ने भी लोगों को एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
इसके अलावा जिले में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश सिंह पटेल एवं विशिष्ट अतिथि सूर्य प्रताप सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अमरेश सिंह पटेल ने कहा कि चाहे व्यक्ति किसी भी दल या विचारधारा से जुड़ा हो, लेकिन देश और समाज की एकता सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का नेतृत्व रामकांत सिंह पटेल ने किया। उपस्थित लोगों ने लौह पुरुष के आदर्शों पर चलने और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

Post a Comment