Top News

सोनभद्र में रिश्तों का कत्ल! महुअरिया जंगल में पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, बच्चों के साथ रहने को लेकर हुआ था विवाद,पति हिरासत में

 पूर्वांचल कि आवाज न्यूज सोनभद्र विजय शंकर पाण्डेय 

शाहगंज सोनभद्र 








 उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक कलयुगी पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना रविवार शाम की है। मृतका की पहचान राजपुर गांव निवासी 46 वर्षीय अमरावती कोल पत्नी मुन्ना कोल के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी पति मुन्ना कोल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। *बच्चों के साथ गांव में रहने को लेकर हुआ था विवाद* पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अमरावती और उसका पति मुन्ना कोल मूल रूप से राजपुर गांव के रहने वाले हैं, लेकिन रोजी-रोटी और जंगल से लकड़ी- पत्ता बीनने के लिए दोनों गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर महुअरिया जंगल के पास झोपड़ी बनाकर रहते थे। इनके दो बेटे हैं, दोनों की शादी हो चुकी है और वे राजपुर गांव में ही अपने परिवार के साथ रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी हर रविवार को अपने बेटों से मिलने राजपुर गांव आते थे और शाम को फिर जंगल स्थित झोपड़ी में वापस लौट जाते थे। इस रविवार को भी दोनों गांव आए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पति मुन्ना ने पत्नी से कहा कि अब जंगल में अकेले रहना ठीक नहीं है, चलो बच्चों के साथ गांव में ही रहते हैं। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी शुरू हो गई।

पति का आरोप था कि पत्नी बच्चों के साथ नहीं रहना चाहती, जबकि पत्नी का कहना था कि वह जंगल छोड़कर नहीं जाएगी। यह कहासुनी जब गांव से वापस जंगल लौटते समय रास्ते में हुई तो विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। *रास्ते में गिराकर कुल्हाड़ी से किया वार* आरोप है कि गुस्से में आकर पति मुन्ना कोल ने पत्नी अमरावती को रास्ते में ही जमीन पर गिरा दिया और अपने साथ रखी कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। कुल्हाड़ी के वार से महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और वह वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। *न मोबाइल था, न कोई मददगार - तड़पती रही महिला* इस वारदात की सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि घटना स्थल घने जंगल का सुनसान रास्ता है, जहां उस समय कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने बताया कि दंपती के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिसके कारण वे किसी को मदद के लिए नहीं बुला सके। महिला घायल अवस्था में काफी देर तक जंगल में ही पड़ी तड़पती रही। जब शाम तक दोनों झोपड़ी पर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। बेटे और अन्य परिजन उनकी तलाश में महुअरिया जंगल की ओर गए तो देखा कि अमरावती खून से लथपथ पड़ी है। परिजन तुरंत उसे उठाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। *पुलिस ने आरोपी पति को किया हिरासत में* घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पति मुन्ना कोल को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस का कहना है, "प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।" *गांव में पसरा मातम, दो बेटों के सिर से उठा मां का साया* इस घटना के बाद राजपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी में पहले भी अक्सर झगड़ा होता था, लेकिन किसी ने सोचा नहीं था कि यह झगड़ा इतना भयानक रूप ले लेगा। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छोटा सा विवाद और क्षणिक गुस्सा कैसे एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ देता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Purvanchal Ki Aawaj News
Purvanchal Ki Aawaj News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume